
|
|

|
अभिनव उपाय
भारत की अर्थव्यवस्था की वार्षिक वृध्दि दर 6-8 प्रतिशत है, जबकि निर्यात 30 प्रतिशत सीएजीआर की दर से बढ़ रहा है। भारत की कई कंपनियाँ अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों और ब्रांड्स से टक्कर ले रही हैं। अत: यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि इस सबका श्रेय काम करने लायक माहौल बनाने, पूँजी और श्रम उत्पादकता बढ़ाने, माल और सेवाओं की कम लागत पर क्वालिटी सुधारने जैसे उपायों के संगम को जाता है। भारतीय अर्थव्यवस्था में संख्या और गुणवत्ता की दृष्टि से हो रही इस वृध्दि के पीछे अभिनव प्रयासों का बड़ा हाथ है। हालाँकि इस तरह के प्रयास आसानी से दिखाई नहीं देते।
राष्ट्रीय ज्ञान आयोग यह पता लगाना चाहता है कि ऐसे अभिनव प्रयास किस तरह हो रहे हैं, वृध्दि को कैसे गति दे रहे हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में स्पर्धा लेने की क्षमता को कैसे सुधार रहे हैं ताकि इन्हें दूसरी जगह अपनाया जा सके और अभिनव प्रयासों को बढ़ाया जा सके। राष्ट्रीय ज्ञान आयोग एक ऐसी राष्ट्रीय अभिनव प्रयास प्रणाली स्थापित करना चाहता है, जिसमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तरों पर उद्यमशीलता को बढ़ावा दिया जाए और विज्ञान तथा टैक्नॉलॉजी के क्षेत्र में अंतर-विभागीय अध्ययन कराए जाएँ ताकि नए-नए तरीकों और विधियों को बढ़ावा दिया जा सके। इस क्षेत्र में सँभावनाओं का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय ज्ञान आयोग एक सर्वेक्षण करा रहा है, जिसमें इनमें से हर एक क्षेत्र की प्रमुख व्यक्तियों और संस्थाओं से जवाब लिए जा रहे हैं। आयोग हर क्षेत्र में प्रमुख व्यक्तियों और संस्थाओं के लिए कार्यशालाओं का आयोजन भी करेगा।
|
|
|